उर्दू शायरी · ग़ज़ल

ummid liye subh ki hum raat se nikle

उम्मीद लिए सुब्ह की हम रात से निकले

امید لیے صبح کی ہم رات سے نکلے

शायर: Faisal Shahzad11 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

उम्मीद लिए सुब्ह की हम रात से निकले
जुगनू की तरह हम भी किसी हाथ से निकले

ख़ैरात दिखावे के लिए दे तो रहे हो
ऐसा न हो बरकत तिरी ख़ैरात से निकले

हालात से लड़ने का इरादा न हो जिस का
मुमकिन नहीं वो गर्दिश-ए-हालात से निकले

जब आने लगा माल तो दुनिया ने ये देखा
औक़ात में जो लोग थे औक़ात से निकले

बस्ती की तरफ़ आ गया सैलाब का रेला
बे-घर हुए सब लोग मकानात से निकले

इक दस्त-हुनर-मंद ने यूँ मुझ को सँवारा
जितने भी थे सब 'ऐब मिरी ज़ात से निकले

ये सारा ज़माना हमें कहने लगा बाग़ी
हम जूँ ही ज़माने की रिवायात से निकले

आने लगे फिर और हमें तेरे ख़यालात
हम जब भी कभी तेरे ख़यालात से निकले

यूँ उस ने हमें देख के फेरी हैं निगाहें
आँखों के सवालात-ओ-जवाबात से निकले

अपनों की गवाही पे गिरफ़्तार हुए थे
ग़ैरों की ज़मानत पे हवालात से निकले

जब शहर-ए-ख़मोशाँ को ज़बाँ मिल गई 'फ़ैसल'
तब जा के परिंदे भी मज़ाफ़ात से निकले