उर्दू शायरी · ग़ज़ल

ro rahe hain hum bhi kaise pattharon ke samne

रो रहे हैं हम भी कैसे पत्थरों के सामने

رو رہے ہیں ہم بھی کیسے پتھروں کے سامنے

शायर: Deepak Kamil6 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

रो रहे हैं हम भी कैसे पत्थरों के सामने
फूल क्या जीते कभी हैं बर्छियों के सामने

ताक़ पर रक्खे हैं सपने और हुनर संदूक़ में
ज़िंदगी ने हार मानी रोटियों के सामने

किस की जानिब थे चले हम किस की जानिब आ गए
क्या करें जब रास्ते हों रास्तों के सामने

आरज़ू भी जुस्तुजू भी हौसले भी जोश भी
'इल्म तक भी कुछ नहीं है तजरबों के सामने

कुछ ग़मों से डरने वाले हो गए मज़बूत तब
हादसे होने लगे जब हादसों के सामने

इस से बढ़ कर बेबसी 'कामिल' भला होती भी क्या
बाप को रोना पड़ा है बेटियों के सामने