उर्दू शायरी · ग़ज़ल

pahunchi hai kis tarah mere lab tak nahin pata

पहुँची है किस तरह मिरे लब तक नहीं पता

پہنچی ہے کس طرح مرے لب تک نہیں پتہ

शायर: Umair Najmi7 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

पहुँची है किस तरह मिरे लब तक नहीं पता
वो बात जिस का ख़ुद मुझे अब तक नहीं पता

अच्छा मैं हाथ उठाऊँ बताऊँ फुलाँ फुलाँ
या'नी ख़ुदा को मेरी तलब तक नहीं पता

इक दिन उदासियों की दवा ढूँढ लेंगे लोग
हम लोग होंगे या नहीं तब तक नहीं पता

कब से है किस क़दर है ये कैसे पता चले
मुझ को तो इस जुनूँ का सबब तक नहीं पता

मैं आज कामयाब हूँ ख़ुश-बाश हूँ मगर
क्या फ़ाएदा है यार उसे जब तक नहीं पता

जिस के सबब मैं अहल-ए-मोहब्बत के साथ हूँ
वो शख़्स मेरे साथ है कब तक नहीं पता

हम क्या ख़ुशी ग़मी की महाफ़िल में हों शरीक
हम को तो फ़र्क़-ए-रंज-ओ-तरब तक नहीं पता