उर्दू शायरी · ग़ज़ल

nur hi nur hai zulmat ke aaine mein

नूर ही नूर है ज़ुल्मात के आईने में

نور ہی نور ہے ظلمات کے آئینے میں

शायर: D. Raj Kanwal7 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

नूर ही नूर है ज़ुल्मात के आईने में
रक़्स करती है सहर रात के आईने में

थक गईं ढूँढ के जब आप को मेरी नज़रें
मिल गए आप ख़यालात के आईने में

जब भी माँगा है कभी अपनी वफ़ाओं का सिला
उन को पाया है सवालात के आईने में

याद महकी जो तिरी रात की रानी बन कर
खिल उठे फूल से जज़्बात के आईने में

आ गिरा वक़्त के पानी में कहाँ से कंकर
एक हलचल सी है हालात के आईने में

देख लेता हूँ मैं हर रोज़ हज़ारों चेहरे
अपने गुज़रे हुए लम्हात के आईने में

क्या हुआ शाम धुआँ बन के जो आई है 'कँवल'
चाँद उभरेगा अभी रात के आईने में