उर्दू शायरी · ग़ज़ल

wo husn tha jo raha wardat tak mahdud

वो हुस्न था जो रहा वारदात तक महदूद

وہ حسن تھا جو رہا واردات تک محدود

शायर: Qamar Siddiqui7 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

वो हुस्न था जो रहा वारदात तक महदूद
और 'इश्क़ रह न सका काएनात तक महदूद

ज़बाँ से करते रहे आसमान की बातें
मगर नज़र तो रही अपनी ज़ात तक महदूद

कहा जो उस ने हर इक हर्फ़ मो'तबर ठहरा
हमारी बात रही सिर्फ़ बात तक महदूद

वो काएनात का मालिक 'अताएँ ला-महदूद
दु'आएँ अपनी रहीं ख़्वाहिशात तक महदूद

हमें तो देखने थे ख़्वाब अगली नस्लों के
और हम तो रह गए बस ख़्वाब-ए-ज़ात तक महदूद

बस एक लफ़्ज़-ए-नदामत बस एक लफ़्ज़-ए-दु'आ
और एक मैं नज़र-ए-इल्तिफ़ात तक महदूद

हुरूफ़ जोड़ के ता'लीम हम ने पाई 'क़मर'
हमारा 'इल्म है बस लफ़्ज़ियात तक महदूद