उर्दू शायरी · ग़ज़ल

tumne kyon hans ke mujhe ek nazar dekh liya

तुम ने क्यों हँस के मुझे एक नज़र देख लिया

تم نے کیوں ہنس کے مجھے ایک نظر دیکھ لیا

शायर: Qaisar Haideri Dehlvi6 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

तुम ने क्यों हँस के मुझे एक नज़र देख लिया
आज क्या आ गई जी में जो इधर देख लिया

हम किस उम्मीद पे आइंदा कोई आह करें
हम ने किस आह को मम्नून-ए-असर देख लिया

करवटें लेते हुए तुम भी तसव्वुर में मिले
तुम को भी ज़ीनत-ए-आग़ोश-ए-नज़र देख लिया

तेरे बीमार को क्यों देखने आए थे तबीब
प्यार की आँख से तू ने न उधर देख लिया

क्यों ख़फ़ा होते हो क्यों पड़ गई माथे पे शिकन
क्या हुआ चश्म-ए-मोहब्बत से अगर देख लिया

गिरती पड़ती लब-ए-'क़ैसर' से दुआ निकली है
ये ही आसार-ए-असर हैं तो असर देख लिया