उर्दू शायरी · ग़ज़ल

sitare jinki bahut dekh-bhaal karte rahe

सितारे जिनकी बहुत देख-भाल करते रहे

ستارے جن کی بہت دیکھ بھال کرتے رہے

शायर: Madan Mohan Danish5 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

सितारे जिनकी बहुत देख-भाल करते रहे
हम ऐसी सारी शबों को निहाल करते रहे

हमारे राह-नुमा भी कमाल करते रहे
जवाब देना था उन को सवाल करते रहे

मगर नदी ने सुनी ही नहीं किनारों की
ये और बात कि वो अर्ज़-ए-हाल करते रहे

तमाम रात मिरी नींद मुझ को डसती रही
तमाम ख़्वाब मिरी देख-भाल करते रहे

तमाम उम्र तुम्हीं मुतमइन रहे 'दानिश'
तमाम उम्र तुम्हीं थे मलाल करते रहे