उर्दू शायरी · ग़ज़ल

mohabbat gham hai to aaram kya hai

मोहब्बत ग़म है तो आराम क्या है

محبت غم ہے تو آرام کیا ہے

शायर: Zaheen Shah Taji7 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

मोहब्बत ग़म है तो आराम क्या है
हमें आराम से फिर काम क्या है

समझ में दिल की बातें कुछ न आएँ
न जाने 'इश्क़ का पैग़ाम क्या है

मोहब्बत ही मोहब्बत है ज़माना
मोहब्बत ख़ास है तो 'आम क्या है

निगाहों में है मस्ती की हक़ीक़त
तिरी आँखों के आगे जाम क्या है

सफ़र में ज़िंदगी की मंज़िलें हैं
नहीं तो सुब्ह क्या है शाम क्या है

हर अच्छे नाम से उन को पुकारा
ख़ुदा मा'लूम उन का नाम क्या है

'ज़हीन' उन के चले जाने से पहले
न जाने 'इश्क़ का अंजाम क्या है