उर्दू शायरी · ग़ज़ल

do-chaar gam pas-e-rifaqat na kar sake

दो-चार गाम पास-ए-रिफ़ाक़त न कर सके

دو چار گام پاس رفاقت نہ کر سکے

शायर: Hafeez Shahid8 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

दो-चार गाम पास-ए-रिफ़ाक़त न कर सके
हम फिर भी उन से कोई शिकायत न कर सके

क्या ऐसे हम-सफ़र पे भरोसा करे कोई
जो दिल को भी शरीक-ए-मसाफ़त न कर सके

इंसाँ का एहतिराम था इतना हमें अज़ीज़
हम अपने दुश्मनों से भी नफ़रत न कर सके

हम लोग तो कुछ ऐसे क़दामत-परस्त हैं
पैदा किसी भी काम में जिद्दत न कर सके

चुनते हो ऐसा क़ाफ़िला सालार किस लिए
जो अहल-ए-कारवाँ की हिफ़ाज़त न कर सके

हम ऐसे हुक्मरान थे बे-इख़्तियार से
इस दिल की सल्तनत पे हुकूमत न कर सके

नाराज़ हम से हैं वो हमारे सुकूत पर
लब खोलने की ख़ुद भी जो हिम्मत न कर सके

'शाहिद' दयार-ए-दिल में अंधेरा है चार सू
रौशन कोई चराग़-ए-मोहब्बत न कर सके