उर्दू शायरी · ग़ज़ल

sochta hun ki dil-e-zar ka matlab kya hai

सोचता हूँ कि दिल-ए-ज़ार का मतलब क्या है

سوچتا ہوں کہ دل زار کا مطلب کیا ہے

शायर: Vikram Sharma7 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

सोचता हूँ कि दिल-ए-ज़ार का मतलब क्या है
एक हँसते हुए बीमार का मतलब क्या है

आप कहते हैं कि दीवार गिरा दी जाए
आप की नज़रों में दीवार का मतलब क्या है

आख़िरी फ़ैसला तुम अपने मुताबिक़ लोगे
फिर मिरी हामी या इंकार का मतलब क्या है

संग-दिल लोगों से क्या अपनी तबीअ'त कहते
किसी दीवार से गुफ़्तार का मतलब क्या है

उठ के जा सकते हैं हम ऐसों के साए से आप
हम समझते हैं कि अश्जार का मतलब क्या है

पहले पहले तो फ़क़त ज़ब्त के इम्कान रहे
रफ़्ता रफ़्ता खुला इज़हार का मतलब क्या है

मैं कि चुप ज़ात था सो शे'र कहा करता था
पूछ लेती थी वो अशआ'र का मतलब क्या है