उर्दू शायरी · ग़ज़ल

kya KHub hai jannat ka tamasha mere aage

क्या ख़ूब है जन्नत का तमाशा मिरे आगे

کیا خوب ہے جنت کا تماشا مرے آگے

शायर: T N Raaz15 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

क्या ख़ूब है जन्नत का तमाशा मिरे आगे
बीवी को बुरा कहता है साला मिरे आगे

चटख़ारे लिया करता हूँ अक्सर मैं ग़मों में
दुनिया है ये चीनी का बताशा मिरे आगे

होंटों पे लिपस्टिक जो लगी थी न छुट्टी वो
कमरे में था इक धुँदला सा शीशा मिरे आगे

मैं गंदी सी गलियों में उन्हें ढूँड ही लूँगा
गाईड जो चले साथ में सीधा मिरे आगे

नाटक में ज़रा मेल से फ़ीमेल बना था
चोटी मेरे पीछे थी तो लहँगा मिरे आगे

पापड़ तो सभी छोटे बड़े बेल चुका हूँ
कौनैन का बस रह गया धंदा मिरे आगे

सब रक़्स मिरी आँखों को लगने लगे फीके
हिजड़ों ने लगाया था जो ठुमका मिरे आगे

साँडों की लड़ाई में परेशान सभी थे
कुत्ता मिरे पीछे था तो भैंसा मिरे आगे

कल अर्थी के नीचे से पड़ा मुझ को गुज़रना
खडा मिरे पीछे था तो खम्बा मिरे आगे

मैं जब से बना क़ौम की तक़दीर का रहबर
रहता है पुलीस वालों का दस्ता मिरे आगे

ग़ुर्बत है न आहों में धुआँ है न सदा है
बीड़ी है न सिगरेट है न हुक़्क़ा मिरे आगे

आँखें मिरी बन जाती हैं रक़्क़ासा-ए-आलम
आ जाता है जब भी तिरा कूल्हा मिरे आगे

घुस जाता हूँ पंडित के कभी मुल्ला के घर में
आता है नज़र जब कोई दंगा मिरे आगे

उस्तादी के इस दर्जे में मैं आज हूँ फ़ाएज़
शैतान भी बन जाता है बौना मिरे आगे

छनवाई मियाँ मजनूँ को जंगल की बहुत ख़ाक
हर 'राज़' उगल देती थी लैला मिरे आगे