उर्दू शायरी · ग़ज़ल

ghaalib ki har zamin mein KHurafat chahiye

'ग़ालिब' की हर ज़मीं में ख़ुराफ़ात चाहिए

غالبؔ کی ہر زمیں میں خرافات چاہئے

शायर: T N Raaz12 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

'ग़ालिब' की हर ज़मीं में ख़ुराफ़ात चाहिए
तख़रीब कुछ तो बहर-ए-मुलाक़ात चाहिए

चोरों को बोर कीजे न ऐसे ख़ुलूस से
दिन का वो क्या करेंगे उन्हें रात चाहिए

जो कुछ भी आप चाहेंगे मिल जाएगा हुज़ूर
बस मंत्री से थोड़ी मुलाक़ात चाहिए

इंसानियत को लूटने वालों का है 'इलाज
ऐसे हराम-ख़ोरों को बस लात चाहिए

गर चाहते हैं आप कि मजनूँ सा 'इश्क़ हो
पत्थर भी सर पे खाने की औक़ात चाहिए

शादी है इक यतीम की ख़ुशियों को बाँटने
इक नाचती किराए पे बारात चाहिए

मज़हब के और सैक्स के बिज़नेस के वास्ते
संतों सी साधुओं सी करामात चाहिए

इन क़ैदियों के जुर्म की तफ़्सील के लिए
मुझ को भी चंद रोज़ हवालात चाहिए

जिन को ख़ुदा की ज़ात से कुछ इंहिराफ़ है
उस्ताद ऐसे लोगों का बद-ज़ात चाहिए

पानी के देवता से मिरी है यही दु'आ
दिलबर न लौट पाए वो बरसात चाहिए

इक बोसा हम को दे दो मोहब्बत के नाम पर
हम हुस्न के फ़क़ीर हैं ख़ैरात चाहिए

ला'नत है तुम पे 'राज़' कि नंगी ही ले चले
काग़ज़ में लिपटी आप की सौग़ात चाहिए