उर्दू शायरी · ग़ज़ल

ye meri ijad-e-izhaar-e-tamanna dekhiye

ये मिरी ईजाद-ए-इज़हार-ए-तमन्ना देखिए

یہ مری ایجاد اظہار تمنا دیکھیے

शायर: Urooj Zaidi Badayuni12 अशआरउपलब्ध: हिंदी, Roman Urdu, उर्दू

ये मिरी ईजाद-ए-इज़हार-ए-तमन्ना देखिए
शबनमी आँखों का दर-पर्दा तक़ाज़ा देखिए

सिर्फ़ दो आँखें मिली हैं इन से क्या क्या देखिए
हर नफ़स हर गाम पर नैरंग-ए-दुनिया देखिए

बे-ख़ुदी-ए-शौक़ का ताज़ा करिश्मा देखिए
देखिए मुझ को भरी महफ़िल में तन्हा देखिए

महवर-ए-हुस्न-ए-ज़मीं कल तक मिरा हर शेर था
अब मिरे अफ़्कार को अफ़्लाक-पैमा देखिए

नुक्ता-चीनी ‘ऐब-जूई का गिला बेकार है
आप से किस ने कहा था ज़ेहन-ए-दुनिया देखिए

उन लबों पर सिर्फ़ तहरीक-ए-तबस्सुम के लिए
ताब-ए-नज़्ज़ारा को रुस्वा और रुस्वा देखिए

जुम्बिश-ए-पर्दा से हैं औसान गुम इदराक गुम
और इस आलम में ये ताकीद जल्वा देखिए

आप का नक़्द-ए-तमाशा मो'तबर हो जाएगा
अपना चेहरा देख कर औरों का चेहरा देखिए

इम्तियाज़-ए-ख़ास-ओ-आम इस की शु’आ’ओं पर हराम
ग़ैर-जानिब-दार सूरज का उजाला देखिए

मेरा साया भी अंधेरे में नहीं है हम-क़दम
सोचना पड़ता है अब किस का सहारा देखिए

फ़ितरत-ए-तस्वीर भी उन की तरह मोहतात है
आप इस से ख़्वाह बातें कीजिए या देखिए

तिश्नगी तेग़ों के साए धूप ग़ुर्बत ऐ 'उरूज'
आप ने सज्दा कहाँ देखा है सज्दा देखिए